Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

Advertisement

फिरोजपुर में 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सीमा पार से संचालित नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। 
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फाजिल्का के गांव वाले शाह उत्तर निवासी सुखविंदर सिंह और गांव नवान हस्ता निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही उनकी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सीमा पार नशा तस्करी नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने तथा विदेशी हैंडलरों से जुड़े सभी लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। ऑपरेशन की जानकारी देते हुए सीआई फिरोजपुर के एआईजी गुरसेवक सिंह ने बताया कि एक विशेष सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीएसएफ फाजिल्का के साथ मिलकर फाजिल्का में हिंदूमलकोट रोड पर गांव सतीरवाला के निकट संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे दोनों संदिग्धों को काबू कर उनके कब्जे से 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गयी। एआईजी ने बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का में एफआईआर नंबर 14, सात अगस्त 2026 दर्ज की गयी है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 25 और 29 के तहत दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *