Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

Advertisement

ऑपरेशन अमानत की मिसाल, बनारस आरपीएफ ने फ्रांसीसी यात्री को लौटाया टैबलेट

वाराणसी, 8 अगस्त : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बनारस ने एक बार फिर ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत रेलगाड़ी में छूटा एक टैबलेट उसके फ्रांसीसी यात्री को सुरक्षित वापस सौंप दिया। अपना खोया सामान मिलने पर विदेशी यात्री ने आरपीएफ की सेवा भावना और भारत की ईमानदारी की मुक्त कंठ से सराहना की।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि फ्रांस की राजधानी पेरिस निवासी अम्बाच अल्बर्टिनी शुक्रवार शाम आरपीएफ पोस्ट बनारस पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह रेलगाड़ी संख्या 20178 से आगरा से बनारस तक यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनके डिब्बा संख्या सी-4 की सीट संख्या आठ पर उनका टैबलेट (ई-पुस्तक रीडर) छूट गया था। इसकी सूचना उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पता चला कि रेलगाड़ी में ड्यूटी पर तैनात ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) के कर्मचारी आकाश कुमार तथा प्रधान आरक्षी रामजीत को सीट पर टैबलेट मिला था। दोनों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पर जमा करा दिया।
इसके बाद आरपीएफ ने यात्री के पासपोर्ट एवं अन्य दस्तावेजों का मिलान कर पहचान की पुष्टि की और शाम करीब पांच बजे टैबलेट उन्हें सुपुर्द कर दिया।
अपना खोया सामान वापस मिलने पर फ्रांसीसी यात्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल की कार्यशैली, सेवा भावना और भारत की ईमानदारी की सराहना की तथा आरपीएफ टीम का आभार व्यक्त किया। यह कार्रवाई यात्रियों के खोए सामान को सुरक्षित लौटाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अमानत’ की एक और सफल मिसाल साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *