बागपत/अमीनगर सराय। कमाला गांव में बुखार का प्रकोप बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। बृहस्पतिवार सुबह ढाई वर्षीय बच्ची अवनी की बुखार के चलते मौत हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि गांव में 60 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, कई लोगों के बीमार होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने सीएमओ से शिकायत कर गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाने और मरीजों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते जांच और उपचार की व्यवस्था होने से बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सकेगा और लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
वहीं, सीएचसी अधीक्षक बिनौली डॉ. अमित गुप्ता ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने गांव में बड़ी संख्या में लोगों के बुखार से पीड़ित होने और बच्ची की मौत की जानकारी से अनभिज्ञता जताई।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द गांव में टीम भेजकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।