बागपत। बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना का विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने पीड़ित परिवार के घर में घुसकर महिलाओं और किशोरी के साथ मारपीट की। पीड़िता की मां ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, नाबालिग किशोरी दुकान से सामान लेने जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। घर लौटने के बाद किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके माता-पिता आरोपी के घर पहुंचे और घटना का विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
पीड़िता की मां का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी पक्ष ने कथित तौर पर विवाद जारी रखा। आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आया। इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं और किशोरी के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
हमले में महिला और उसकी बेटी को चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है। महिला के पति के हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगने का आरोप है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित परिवार को बचाया गया।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने उसकी बेटी को जबरन उठा ले जाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। महिला के अनुसार, घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को भी दी गई।
पीड़ित परिवार ने थाना बागपत में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बागपत कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चहल ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।