Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

राहुल को प्रयागराज में अपने दादा फिरोज गांधी की कब्र में फूल चढ़ाने जरुर जाना चाहिये: केशव मौर्य

प्रयागराज, 08 अगस्त उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी प्रयागराज आ रहे हैं तो उन्हें अपने दादा फिरोज गांधी की कब्र पर भी फूल चढ़ाने जाना चाहिए और यदि वह जनेऊधारी हैं तो संगम में स्नान भी करना चाहिए।
श्री मौर्य ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू प्रयागराज से चुनकर संसद गए थे, लेकिन उनके कार्यकाल में प्रयागराज का विकास नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में प्रयागराज का चारों ओर विकास हो रहा है। राहुल गांधी विकसित स्थलों का दौरा कर सकते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उनका एक सूत्रीय एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करना और भाजपा को निशाना बनाना है।
उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के छात्रों से संवाद कार्यक्रम ‘गूंज’ को नाटकबाजी करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के हितैषी नहीं हो सकते और केवल वोट की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी कई बार चुनावी मात खा चुकी है और वर्ष 2027 में एक बार फिर कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी हार के कगार पर खड़ी हैं। उनके अनुसार राहुल गांधी को छात्रों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों का समर्थन नहीं मिल रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज आ रहे हैं, लेकिन झारखंड नहीं जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां छात्रों की समस्या राहुल गांधी के लिए मुद्दा क्यों नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल भाजपा शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं और उनकी इस राजनीति का छात्रों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *