बागपत। 4 सितंबर 2026 बिजली विभाग के जेई को धमकी देने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को बागपत कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा भी बरामद किया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, ऊर्जा निगम के अवर अभियंता मोहम्मद आसिफ, निवासी हजरतगंज जाटवपुरी, फिरोजाबाद, ग्राम बूढ़ेड़ा/अहमदपुर गठीना स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात हैं। उन्होंने सात जून को बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।

जेई के मुताबिक उनके सीयूजी नंबर पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने प्रेमपाल निवासी ग्यासरी उर्फ गाधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही और धमकी दी कि यदि मुकदमा दर्ज कराया गया तो गोली मार दी जाएगी। इसके बाद कथित तौर पर तीन-चार लोगों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि आरोपी जहां मिलेगा, वहीं गोली मार देंगे।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकाश में आए आरोपियों गुड्डू उर्फ मनीष और कन्हैया उर्फ अंकुर, निवासी ग्यासरी उर्फ गाधी, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं एक अन्य आरोपी हर्ष कुमार, निवासी लपराना थाना झिंझाना, जिला शामली, फरार चल रहा था।

पुलिस ने गुरुवार को हर्ष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *