बागपत 4 सितंबर 2026 | बागपत कोतवाली क्षेत्र के नौरोजपुर गुर्जर गांव में गुरुवार को संपत्ति विवाद को लेकर चचेरे भाई ने एक युवक पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में परिजन घायल को सोनीपत के अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन कर पेट से गोली निकाल दी गई।
जानकारी के अनुसार, नौरोजपुर गुर्जर निवासी सेवानिवृत्त डाकघर कर्मी शब्बीर का 31 वर्षीय बेटा खालिद गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस में अपने दोस्त के घर से आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए उसके चचेरे भाई ने तमंचे से खालिद के पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बाद खालिद मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन खालिद को सोनीपत के अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से गोली निकाल दी।
15 दिन पहले भी हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार, घटना के पीछे संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। करीब 15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
सीओ डॉ. सुकन्या शर्मा के अनुसार, शब्बीर ने बताया कि उसके छह भाई हैं। करीब चार साल पहले मकान में दरवाजा लगाने को लेकर एक भाई के परिवार से विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच तभी से रंजिश चली आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














Leave a Reply