Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित किसानों को प्राथमिकता से मिलेगा फसल बीमा योजना का लाभ

फर्रुखाबाद, 10 अगस्त : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सोमवार को बैंक एवं बैंक प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं तथा शासन की प्राथमिकता वाली बैंक प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैंकवार और योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों को फसल की क्षति की भरपाई के लिए फसल बीमा योजना का लाभ अनिवार्य रूप से दिलाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के हित में इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। 
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना समेत विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र युवाओं, उद्यमियों, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि जिले में स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बैंकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने तथा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बैंक प्रायोजित योजनाओं में ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और इंडियन बैंक के क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात (सीडी रेशियो) की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित बैंक प्रबंधकों को सीडी रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बैंकों द्वारा निरस्त किए गए आवेदनों का दोबारा सत्यापन कराने और उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुनः सत्यापन में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित बैंक की कार्यप्रणाली से शासन को अवगत कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सुमित अग्निहोत्री, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुषमा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *