फरीदाबाद, 20 अगस्त। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के गांव कुरेशीपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 23 वर्षीय युवती पर सोते समय खौलता हुआ पानी डालकर गंभीर रूप से झुलसाने और कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है। पीड़िता के सीने समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर जलने के घाव हैं। हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया है।
3 लाख रुपये में बुजुर्ग से शादी कराने का आरोप
मूल रूप से बिहार के टिक्का टोला, सहापुर की रहने वाली प्रीति की शादी करीब दो साल पहले कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी। हालांकि, करीब दो महीने पहले दोनों का तलाक हो गया था।
पीड़िता के मौसा पंकज के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र और ललिता का उनके घर पर आना-जाना था। आरोप है कि ललिता ने तंत्र-मंत्र का झांसा देकर युवती को अपने प्रभाव में लिया और उसे कथित तौर पर तीन लाख रुपये में एक बुजुर्ग व्यक्ति को बेचने तथा उससे शादी कराने की साजिश रची जा रही थी।
बताया गया कि युवती ने इस शादी का विरोध किया। आरोप है कि इसी विरोध के चलते 16 अगस्त की सुबह करीब चार बजे, जब युवती सो रही थी, उस पर खौलता हुआ पानी डाल दिया गया।
गंभीर रूप से झुलसी युवती को कमरे में किया बंद
परिजनों के अनुसार, खौलता पानी डालने के बाद युवती गंभीर रूप से झुलस गई थी। इसके बावजूद उसे तत्काल उचित इलाज के लिए बाहर नहीं जाने दिया गया। आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और कमरे में बाहर से ताला लगाकर उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया।
इस दौरान युवती की एक रिश्तेदार महिला ने घटना की जानकारी उसके मौसा पंकज को दी। सूचना मिलने के बाद पंकज 18 अगस्त को कुरेशीपुर गांव पहुंचे, लेकिन युवती कमरे में बंद मिली।
पुलिस ने ताला तोड़कर युवती को बाहर निकाला
जब युवती को कमरे से बाहर नहीं निकाला गया तो 19 अगस्त को पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर युवती को बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दिल्ली जाकर युवती का बयान दर्ज करेगी पुलिस
धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, पीड़िता की हालत गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की एक टीम पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए दिल्ली जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती को कथित तौर पर तीन लाख रुपये में बुजुर्ग से शादी कराने, खौलता पानी डालने और बंधक बनाकर रखने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।














Leave a Reply