गौतमबुद्धनगर, 10 अगस्त : महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिले के विभिन्न प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी साझा की गई उन्होंने यह बताया कि पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने चिल्ला बॉर्डर, श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर, सेक्टर-14ए नोएडा तथा शिव मंदिर नानकेश्वर, भाईपुर गांव, जेवर सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों के आवागमन वाले मार्गों, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए। आवश्यकता वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला पूरी तरह तैयार रहे।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात संचालन के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पहले से तैयार रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी देखा। उन्होंने शिविरों में बनाए गए किचन, खाद्य सामग्री और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिविरों में स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कांवड़ शिविरों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी संभावित स्थिति को हल्के में न लिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने मेडिकल शिविरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध दवाइयों, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल कैंपों में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और चिकित्सकीय टीमें पूरी तत्परता के साथ तैनात रहें, ताकि किसी श्रद्धालु या कांवड़ यात्री को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों और शिवालयों के आसपास विशेष रूप से साफ-सफाई बनाए रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कांवड़ शिविरों में स्वच्छता, भोजन, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित जांच करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें।
पुलिस-प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सेवाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों को पूरी तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आपसी समन्वय और प्रभावी निगरानी के जरिए महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा, पुलिस उपायुक्त नोएडा साद मियां खान, डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम, डीसीपी (हेडक्वार्टर) शव्या गोयल, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ शिविरों का लिया जायजा














Leave a Reply