बागपत, 14 सितंबर। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे निवासी 35 वर्षीय पंकज पांचाल की नोएडा में कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने नोएडा पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला प्रेमपुरी, जैन कॉलेज मार्ग निवासी पंकज पांचाल शनिवार को अपनी बेटी तनु को नोएडा के सेक्टर-155 स्थित परीक्षा केंद्र पर स्टेनो पद की परीक्षा दिलाने गए थे। बेटी को परीक्षा केंद्र में छोड़ने के बाद पंकज सड़क किनारे अपनी स्कूटी रोककर हेलमेट लगा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पंकज सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गए। कुछ देर बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन नोएडा पहुंचे।
कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने देर शाम शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के चाचा महेश पांचाल ने बताया कि उन्होंने नोएडा पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।















Leave a Reply