खेकड़ा। खेकड़ा थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ जंगल में विद्युत लाइन काटकर ट्रांसफार्मर उतारने की कोशिश कर रहा था। मुठभेड़ के बाद मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और तार काटने के उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, जिले में पिछले कुछ समय से ट्रांसफार्मर, विद्युत एवं संचार संबंधी तार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
28 अगस्त की रात करीब 10:08 बजे थाना खेकड़ा पुलिस टीम मुबारिकपुर जंगल में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ट्यूबवेल के पास से कुछ आवाजें सुनाई दीं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कथित तौर पर चार लोग विद्युत लाइन काटकर ट्रांसफार्मर उतारने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही आरोपियों में से एक ने शोर मचाकर अपने साथियों को पुलिस के पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान रिजवान पुत्र जॉनेआलम निवासी ग्राम कमालपुर, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेकड़ा भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से क्या मिला?
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से—
- एक अवैध तमंचा .315 बोर
- दो जिंदा कारतूस .315 बोर
- एक खोखा कारतूस .315 बोर
- एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल स्प्लेंडर
- एक तार कटर
बरामद किया गया।
पूछताछ में साथियों के नाम बताए
पुलिस के अनुसार पूछताछ में रिजवान ने अपने फरार साथियों के नाम प्यारे पुत्र शाहबुद्दीन निवासी फरुखनगर, थाना टीला मोड़, गाजियाबाद, शहजाद पुत्र अली मोहम्मद निवासी उपरोक्त और फिरोज पुत्र नामालूम बताए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके गिरोह द्वारा करीब एक माह पहले ग्राम चमरावल के जंगल से ट्यूबवेल का केबल चोरी किया गया था। इसके अलावा ग्राम दहपा, थाना पिलखुवा क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना खेकड़ा के प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक मयंक प्रताप समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में थाना खेकड़ा पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।















Leave a Reply