Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में जलभराव की समस्या तत्काल दूर की : सीईओ

ग्रेटर नोएडा 12 अगस्त : उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद जलभराव को लेकर सामने आई स्थिति पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने स्थिति स्पष्ट की है। 
मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने सार्वजनिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि, बारिश के बावजूद एयरपोर्ट के रनवे और एप्रन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का जलभराव नहीं हुआ। एयरपोर्ट के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था सुचारु रही।
क्षेत्र में हुई अत्यधिक बारिश के चलते एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में कुछ समय के लिए हल्का जलभराव हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही संबंधित टीम ने तत्काल कार्रवाई की और पानी को शीघ्र साफ कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्किंग क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति का एयरपोर्ट के रनवे अथवा एप्रन क्षेत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
उन्होंने बताया कि भारी बारिश के दौरान भी एयरपोर्ट परिसर और आसपास की यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। आवश्यकतानुसार संबंधित टीमों को सक्रिय रखा गया और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गईं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधारभूत संरचना, रनवे और एप्रन क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। बारिश के दौरान जल निकासी की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में एयरपोर्ट के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्सों में व्यवधान न आए।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए यीडा प्रशासन द्वारा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों और संबंधित टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल निकासी, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।
यीडा प्रशासन का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र में हुआ अस्थायी जलभराव तत्काल दूर कर दिया गया, जबकि एयरपोर्ट के रनवे और एप्रन जैसे महत्वपूर्ण परिचालन क्षेत्रों में जलभराव की कोई समस्या नहीं हुई। प्रशासन बारिश के दौरान स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है, ताकि यात्रियों और आमजन को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *