नयी दिल्ली, 10 अगस्त :दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अवैध रूप से रह रहे दो विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि इन दोनों का पता ‘ऑपरेशन विस्टा 1.0’ के दौरान लगाया गया और उनकी पहचान घाना के नागरिक कॉसमॉस एडेल उर्फ कॉसमॉस एडाडे और नाइजीरियाई नागरिक नगवुएज़े एके के रूप में हुई।
पुलिस ने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों व्यक्तियों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ), दिल्ली के समक्ष पेश किया गया। बाद में उन्हें लामपुर स्थित हिरासत केंद्र भेज दिया गया। पुलिस उपायुक्त (द्वारका जिला) कुशल पाल सिंह के निर्देशों पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया था और यह अभियान सहायक पुलिस आयुक्त (संचालन प्रकोष्ठ) सुभाष मलिक की देखरेख में चलाया गया था।
इस अभियान के लिए एक समर्पित दल का गठन किया गया था। इसका उद्देश्य देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करना और उन लोगों की स्थिति की पुष्टि करना है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किये गये हैं। उत्तम नगर इलाके में सत्यापन के दौरान, पुलिस टीम ने दोनों विदेशी नागरिकों का पता लगाया और उन्हें पकड़ लिया।
अधिकारियों ने कहा कि दोनों भारत में अपने प्रवास को वैध साबित करने के लिए जरूरी दस्तावेज पेश करने में विफल रहे। सत्यापन के बाद, पुलिस ने उन्हें एफआरआरओ के समक्ष पेश किया तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लामपुर हिरासत केंद्र भेज दिया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध रूप से रहने के मामलों पर नजर रखने और वीजा तथा आप्रवासन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए द्वारका जिला पुलिस द्वारा चलाये जा रहे एक व्यापक अभियान का हिस्सा है।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे विशेष अभियानों का उद्देश्य आप्रवासन और वीजा प्रावधानों के दुरुपयोग को रोकना तथा विदेशी नागरिकों के अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की संभावना की जांच करना है। पुलिस ने निवासियों से यह भी आग्रह किया है कि यदि उन्हें अपने इलाके में वैध दस्तावेजों के बिना रहने वाले किसी विदेशी नागरिक का पता चले तो वे अधिकारियों को सूचित करें।













Leave a Reply