Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

जौनपुर में क्राईम ब्रांच इंस्पेक्टर के खिलाफ बलात्कार का मुक़दमा दर्ज

जौनपुर, 08 अगस्त उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाने की पुलिस ने अपराध शाखा में तैनात पुलिस निरीक्षक के विरुद्ध दुष्कर्म व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है वहीं आरोपी निरीक्षक की पत्नी की तहरीर पर नौकरानी व उसकी पुत्री के विरुद्ध भी एक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि निरीक्षक हरिनाथ भारती लाइन बाजार थाना क्षेत्र में किराए पर मकान लेकर रहते हैं। इसी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला व उसकी पुत्री उनके घर बर्तन व कपड़े साफ करने का काम करती हैं। नौकरानी की पुत्री ने लगभग एक पखवारे पूर्व उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया जिसमें आरोप लगाया गया कि हरिनाथ यादव कई महीनों से तरह-तरह के प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहे, किसी को कुछ बताने पर धमकी देते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता को मामले की जांच कर आख्या देने का निर्देश दिया था। इसी दौरान शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच इसी विवाद को लेकर हाथापाई हो गई। युवती ने थाने में जाकर तहरीर दी। इसी दौरान हरिनाथ भारती की पत्नी ने भी थाने में जाकर नौकरानी व उसकी पुत्री के विरुद्ध तहरीर दी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा दोनों पक्षों में आपसी विवाद है। दोनों तरफ की तहरीर पर एक-दूसरे के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *