भुवनेश्वर, 10 अगस्त : ओडिशा के पुरी जिले में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने पुरी शहर और श्रीमंदिर क्षेत्र में पुलिस की 14 प्लाटून तैनात की हैं।
केंद्रीय रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने पुरी के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिटी डीएसपी के साथ सोमवार को श्री लोकनाथ मंदिर का दौरा कर कांवड़ियों के लिए की गयी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए की गयी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान श्री लोकनाथ मंदिर के प्रवेश और निकास मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने और दर्शन की व्यवस्था सुचारू बनाये रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेड लगाये गये हैं। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की, ताकि कांवड़ियों और अन्य यात्रियों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस के अनुसार, उत्तरा से मालतीपाटपुर और पुरी के बीच तीन मार्गों पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य कांवड़ियों तथा अन्य वाहन चालकों की आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाए रखना है। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं को उचित मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। साथ ही यात्रा मार्गों पर पेयजल और चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
व्यवस्था के दौरान बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस ने कांवड़ियों से सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करने और निर्धारित कतार व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर श्रद्धालुओं को निकटतम पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है।
ओडिशा : पुरी में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 14 प्लाटून पुलिस बल तैनात














Leave a Reply