ग्रेटर नोएडा 11 अगस्त : उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील ने विस्तृत समीक्षा बैठक की। 
उन्होंने आयोजित बैठक के संबंध जानकारी साझा करते हुए बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं ट्रेड शो से जुड़ी सभी तैयारियों को युद्धस्तर पर पूरा करते हुए निर्धारित समयसीमा में अंतिम रूप दिया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों की ओर से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्रमुख सचिव के समक्ष प्रस्तुत की गई। इस दौरान आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं, आगंतुकों की सुविधा, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, साइनेज और सूचना व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र तथा विभिन्न औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण को पिछले आयोजनों की उपलब्धियों से आगे ले जाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। आयोजन को केवल एक प्रदर्शनी तक सीमित न रखते हुए इसे व्यवसायिक समझौतों, निवेश, निर्यात के अवसरों और प्रदेश के उद्यमियों को नए बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए।
ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, खरीदारों, निवेशकों, निर्यातकों, शिक्षण संस्थानों और आमजन तक पहुंचाई जाए।
इसके लिए डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलावा देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों से संभावित खरीदारों और निवेशकों को ट्रेड शो से जोड़ने के लिए लक्षित प्रचार अभियान चलाया जाए।
उन्होंने आसपास के जनपदों के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं को भी आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेड शो के दौरान संभावित यातायात दबाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन स्थल तक आगंतुकों की सुगम और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए परिवहन व्यवस्था को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए।
उन्होंने कहा कि संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर कार्ययोजना तैयार की जाए। जाम की स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था समेत सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही आयोजन स्थल पर स्पष्ट और प्रभावी साइनेज तथा सूचना व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया, जिससे बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों और आगंतुकों को विभिन्न पवेलियन, स्टॉल, पार्किंग और अन्य सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी हो।
ट्रेड शो में भाग लेने वाले उद्यमियों और प्रदर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ संभावित खरीदारों एवं निवेशकों के साथ प्रभावी बिजनेस कनेक्ट स्थापित कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन की सफलता का आकलन केवल दर्शकों की संख्या से नहीं, बल्कि इससे पैदा होने वाले व्यावसायिक अवसरों, निवेश प्रस्तावों, निर्यात संभावनाओं और कारोबारी समझौतों से भी होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे प्रयास करने के निर्देश दिए, जिससे प्रदेश के उत्पादों को नए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल सकें।
समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि का भी बेहतर अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं का स्तर उच्च गुणवत्ता का रखा जाए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने तथा लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चतुर्थ संस्करण भव्य, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुखी होना चाहिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रमुख सचिव को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों का संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा और ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण की सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सीओ इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *