Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

काशी क्षेत्र में भाजपा का तिरंगा यात्रा अभियान शुरू

वाराणसी, 11 अगस्त : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत काशी क्षेत्र में सोमवार से तिरंगा यात्रा अभियान शुरू हो गया। 10 से 12 अगस्त तक वाराणसी जिला एवं महानगर सहित काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों के मंडलों और वार्डों में एक से दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जबकि 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन होगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में बताया कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब व्यापक जन-अभियान का रूप ले चुका है। 
उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्राओं में भारतीय जनता युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी, जबकि महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ सक्रिय भागीदारी करेंगे। 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 
काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि अभियान के संचालन के लिए क्षेत्रीय समिति का गठन किया गया है, जो सभी 16 जिलों में कार्यक्रमों की प्रतिदिन निगरानी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *