Screenshot

मुरादाबाद,11 अगस्त : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने स्पष्ट किया है कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से उनका कोई संबंध नहीं है और 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिल कर लड़ेगी। श्री यादव ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार किसानों, नौजवानों, मजदूरों और व्यापारियों की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और निरंकुश नौकरशाही से त्रस्त होकर सरकार बदलने का मन बना चुकी है तथा पार्टी का एकमात्र लक्ष्य वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि सपा कभी राम मंदिर निर्माण की विरोधी नहीं रही क्योंकि मंदिर न्यायालय के आदेश से बना है और पार्टी न्यायपालिका का सम्मान करती है, लेकिन आस्था के केंद्र में चंदा चोरी करने वाली भाजपा को जनता माफ नहीं करेगी। 
संभल दंगे की जांच रिपोर्ट को सपा नेताओं को फंसाने की साजिश बताते हुए उन्होंने ऐलान किया कि वर्ष 2027 में सरकार बनने पर ऐसे सभी मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा की जाएगी। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां के परिवार और जौहर विश्वविद्यालय के साथ एकजुटता जताते हुए उन्होंने बुधवार को रामपुर जेल में आजम खां से मुलाकात करने की बात कही और दोहराया कि समाजवादी पार्टी (सपा) हर मोर्चे पर जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News