सहारनपुर, 11 अगस्त : सावन शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लाखों श्रद्धालुओं ने विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बागपत के प्रसिद्ध पुरा महादेव धाम और सहारनपुर के देवबंद स्थित मनकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। वहीं विभिन्न सड़क हादसों में चार कांवड़ियों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।
श्रद्धालु बीती रात से ही डाक कांवड़ लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए थे। कंधों पर कांवड़ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। डाक कांवड़ में शामिल महिला श्रद्धालुओं और बेटियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए।
पुलिस के अनुसार हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर मोटरसाइकिल से लौट रहे हिमांशु (20) और मोहित (30) की कंटेनर की टक्कर से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
एक अन्य घटना में नानौता क्षेत्र के खुराना निवासी सुधीर कुमार (30) की मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र में मौत हो गई। वह कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए चाय-पराठे का स्टॉल संचालित कर रहा था। बताया गया कि उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
इसके अलावा सरसावा थाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर दुर्घटना में घायल हुए बाइक सवार ओमप्रकाश (23) की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। देवबंद क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध मनकेश्वर महादेव मंदिर में शाम तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर और कांवड़ मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवबंद अमित सिंह और कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मनकेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
रिमझिम बारिश के बीच भी शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ मार्गों पर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
सावन शिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सड़क हादसों में चार कांवड़ियों की मौत














Leave a Reply