नई दिल्ली, 28 अगस्त 2026। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने उत्तर-पूर्वी सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। असम और मिजोरम में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में कुल 76 किलो संदिग्ध मेथम्फेटामाइन टैबलेट बरामद की गई हैं। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों मामलों में जब्त नशीले पदार्थ और वाहनों को NDPS Act, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है।
असम में ट्रक से 56 किलो संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद
डीआरआई अधिकारियों ने 25 अगस्त को असम राइफल्स, सिलचर की 38वीं बटालियन के जवानों की मदद से असम-मणिपुर सीमा के पास लालपानी में एक संदिग्ध 12-पहिया ट्रक को रोका।
बताया गया कि ट्रक मणिपुर के जिरीबाम से आ रहे वाहनों के एक बड़े काफिले में शामिल था। तलाशी के दौरान चालक की सीट के पीछे केबिन में विशेष रूप से बनाई गई एक गुप्त जगह मिली।
इस छिपे हुए स्थान से ईंट के आकार के 36 पैकेट बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक का वजन करीब 1 किलो था। इसके अलावा 200 ग्राम वजन वाले 100 छोटे पैकेट भी मिले। इनमें गुलाबी-नारंगी रंग की टैबलेट थीं।
फील्ड डिटेक्शन किट से की गई शुरुआती जांच में पदार्थ के एम्फेटामाइन होने का संकेत मिला। कुल 56 किलो संदिग्ध नशीला पदार्थ और ट्रक को NDPS Act के तहत जब्त कर लिया गया। वाहन में सवार व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया।
मिजोरम में कार से 20 किलो टैबलेट बरामद
इससे पहले 18 अगस्त को डीआरआई ने मिजोरम में आइजोल-चम्फाई रोड पर एक अन्य कार्रवाई की थी। खुफिया सूचना के आधार पर बुंग बांग्ला, आइजोल से करीब 30 किलोमीटर दूर, एक कार को रोका गया।
कार की तलाशी लेने पर अलग-अलग आकार के 64 पैकेट मिले, जिनमें करीब 20 किलो गुलाबी-नारंगी रंग की गोलियां थीं। प्रारंभिक तौर पर इनके मेथम्फेटामाइन होने का संदेह जताया गया।
तस्करों ने कथित तौर पर इन पैकेटों को कार के दोनों तरफ रॉकर पैनल/साइड सिल में बनाए गए गहरे स्थानों और फ्यूल टैंक व कार के फर्श के बीच छिपाकर रखा था।
इस मामले में भी वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया।
दो अभियानों में 76 किलो जब्ती
डीआरआई की दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर 76 किलो संदिग्ध मेथम्फेटामाइन टैबलेट जब्त की गई हैं। अधिकारियों ने दोनों मामलों में NDPS Act, 1985 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।