लखनऊ। राजधानी दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने BRICS देशों की ओर से जारी 140 पैराग्राफ वाले दिल्ली घोषणा पत्र को आपसी समझ-बूझ और कूटनीतिक उपलब्धि बताया।
मायावती ने कहा कि यूक्रेन और ईरान से जुड़े युद्ध, बढ़ते तनाव, संघर्ष और युद्ध टैरिफ जैसी परिस्थितियों के बीच BRICS देशों का सर्वसम्मति से घोषणा पत्र जारी करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि BRICS देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा उम्मीद जगाने वाली है।
BRICS करेंसी को लेकर मायावती ने कही बड़ी बात
मायावती ने BRICS देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि BRICS करेंसी का विकास एक बेहतरीन कदम होगा। उनके मुताबिक इससे समूह के देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिल सकती है।
फिलिस्तीन और पहलगाम का भी किया जिक्र
BSP प्रमुख ने फिलिस्तीन के मुद्दे पर भी BRICS के रुख का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1966 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फिलिस्तीन राष्ट्र के समर्थन और पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए आतंकवाद से हर स्तर पर निपटने की प्रतिबद्धता से भारत के दृष्टिकोण को समर्थन मिला है।
चीन के साथ संबंधों पर भी बोलीं मायावती
मायावती ने भारत और चीन के संबंधों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकना और एक-दूसरे को विकास का साझेदार मानना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस दृष्टिकोण के क्या परिणाम सामने आते हैं, इसकी आने वाले समय में जांच-परख होगी। मायावती ने भारत-चीन सीमा विवाद का जल्द समाधान होने की उम्मीद जताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सीमा का मुद्दा जितनी जल्दी सुलझे, उतना ही बेहतर होगा।
Mayawati #BRICS2026 #BRICSSummit #BSP #DelhiDeclaration #BRICS #IndiaChina #Palestine #PahalgamTerrorAttack #BRICSCurrency #LucknowNews #UPNews #BreakingNews














Leave a Reply