बड़ौत, 20 अगस्त 2026। बागपत के बड़ौत क्षेत्र के लुहारी गांव में गोवंश में लंपी बीमारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बीमारी की चपेट में आने से मंगलवार को चार गोवंश की मौत हो गई, जबकि गांव में करीब 40 से अधिक गोवंश बीमार बताए जा रहे हैं। कई पशुओं की हालत गंभीर होने से पशुपालकों में चिंता बढ़ गई है।
चार गोवंश की मौत से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों यशवीर, जितेंद्र, सुखवीर और आजाद आदि ने बताया कि लंपी बीमारी की चपेट में आने से सुंदर, विक्की और सोनू की एक-एक गाय तथा कर्ण की बछिया की मौत हो गई। इसके अलावा गांव में करीब 40 से अधिक गोवंश बीमारी से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
शरीर पर उभर रहीं गांठें, चारा खाने में भी नहीं ले रहे रुचि
ग्रामीणों के अनुसार, बीमार पशुओं के शरीर पर गांठें उभर रही हैं। इसके साथ ही पशुओं को बुखार और कमजोरी की शिकायत है। कई पशु चारा खाने में भी रुचि नहीं ले रहे हैं। कई गोवंश की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे पशुपालक परेशान हैं।
पशुपालकों का आरोप है कि बीमारी फैलने के बावजूद समय पर उपचार और रोकथाम की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो सकी। उन्होंने प्रशासन और पशुपालन विभाग से गांव में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
गांव में भेजी गई पशु चिकित्सकों की टीमें
पशु चिकित्साधिकारी बड़ौत डॉ. आरसी यादव ने बताया कि गांव में टीमें भेजी गई हैं। पशुपालकों को लंपी बीमारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही बीमार पशुओं की जांच और उपचार कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बीमारी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार पशुपालकों को बचाव संबंधी जानकारी भी दी जा रही है।















Leave a Reply