Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विवि के कुलपति को एनसीसी की मानद ‘कर्नल’ रैंक

वाराणसी, 12 अगस्त : राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ की ओर से बुधवार को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में आयोजित सम्मान एवं अलंकरण समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को एनसीसी की मानद ‘कर्नल’ रैंक प्रदान की गई।
यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों और राष्ट्रनिर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने में उनके सहयोग के लिए दिया गया। 
एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ के ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार ने प्रो. शर्मा को मानद रैंक प्रदान करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में योगदान प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों को नई ऊर्जा और व्यापक दिशा मिलेगी। अलंकरण के बाद एनसीसी कैडेट्स ने प्रो. शर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। 
प्रो. शर्मा ने सम्मान के लिए एनसीसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके व्यक्तिगत सम्मान के बजाय सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मानद कर्नल रैंक उनके लिए अनुशासन, राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति नए संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। 
समारोह में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी, केन्द्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ के कुलपति प्रो. (डॉ.) वांगचुक दोरजे नेगी, आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह, ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रौशन, लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश राय, एनसीसी के अधिकारी, कैडेट्स तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *