Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

महापौर ने जल शोधन संयंत्र का किया निरीक्षण

सोनीपत 10 अगस्त : हरियाणा के सोनीपत लाइन पार क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम महापौर राजीव जैन ने सोमवार को महलना रोड स्थित जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
महापौर ने निरीक्षण के दौरान उपचार टैंकों, जल शोधन प्रणाली और संयंत्र की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के पानी के कारण टैंकों में मिट्टी और गाद जमा हो गई है, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। इस पर महापौर ने प्राथमिकता के आधार पर गाद हटाने और टैंकों की पूरी सफाई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल शोधन प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली खराब मोटरों की जल्द मरम्मत कराकर उन्हें दोबारा चालू करने को कहा ताकि शुद्धिकरण प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सके।
श्री राजीव जैन ने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान जल शोधन संयंत्रों की नियमित निगरानी और सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। दूषित पानी की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें। महापौर ने टैंकों की नियमित सफाई, मोटरों के रखरखाव और पूरी जल शोधन प्रक्रिया की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *