Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

भगवंत मान का यह आखिरी विधानसभा सत्र साबित हो सकता है, जल्द ही टूट सकती है आप सरकार: राजा वड़िंग

चंडीगढ़, 10 अगस्त : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें विदाई दी और दावा किया कि यह पंजाब विधानसभा में उनका आखिरी सत्र साबित हो सकता है। 
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने वाले दिनों में आंतरिक संकट का शिकार हो सकती है और उसके कई विधायक नेतृत्व से पूरी तरह निराश हैं। 
राजा वड़िंग ने दावा किया कि आप सरकार जल्द ही अपना बहुमत खो सकती है, क्योंकि कई विधायक सही समय का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में भगवंत मान अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएंगे और अगर पंजाब विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 में निर्धारित समय पर भी होते हैं, तब तक मान मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आप के अधिकांश विधायक अपनी ही सरकार से पूरी तरह अलग-थलग और निराश हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े चार वर्षों से विधायक घुटन महसूस कर रहे हैं और अब उन्हें बदलाव का इंतजार है।
राजा वड़िंग ने कहा कि भारी जनादेश मिलने के बावजूद आप सरकार पंजाब की जनता के साथ-साथ अपने विधायकों की उम्मीदों पर भी खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने भगवंत मान को पंजाब का अब तक का सबसे खराब मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मान यह समझ नहीं पाये कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी भूमिका बदल गई है और अब केवल चुटकुले और किस्से सुनाकर सरकार चलाना संभव नहीं है। 
राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब की जनता ने उन्हें हंसाने के लिए नहीं, बल्कि बदलाव की उम्मीद के साथ सत्ता सौंपी थी।
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अपनी कुर्सी बचाये रखने के लिए पंजाब के हितों से समझौता किया और अपनी सत्ता का बड़ा हिस्सा बाहरी लोगों के हाथों में सौंप दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने जिस ‘बदलाव’ की उम्मीद की थी, उसके बजाय उन्हें निराशा मिली।
राजा वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में भगवंत मान के फैसलों और कार्यशैली का आकलन इतिहास करेगा और पंजाब के हितों से समझौते के लिए इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *