प्रकाशित तिथि: 24 सितंबर 2026
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में रात के अंधेरे में 11 मकान और दुकानें बुलडोजर से ढहाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 20 और 21 सितंबर की दरमियानी रात करीब 60 से 70 नकाबपोश लोग तीन जेसीबी मशीनों के साथ बरियावन-किछौछा मार्ग पर पहुंचे और वहां वर्षों से रह रहे परिवारों के मकान और दुकानें जमींदोज कर दीं।
घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीनों जेसीबी को सीज कर दिया है। मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की लापरवाही के आरोप में सदर कोतवाल समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
40 साल से रह रहे परिवारों के मकान हुए ध्वस्त
मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन-किछौछा मार्ग का है। पीड़ित परिवारों के मुताबिक, वे करीब 40 वर्षों से वहां रहकर अपना घर और कारोबार चला रहे थे।
आरोप है कि रात में बड़ी संख्या में नकाबपोश लोग तीन बुलडोजर लेकर पहुंचे। वहां मौजूद दो-तीन परिवारों को असलहों और लाठी-डंडों के बल पर धमकाया गया। आरोप है कि शिकायत करने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई।
इसके बाद जेसीबी से 11 मकानों और दुकानों को ढहा दिया गया। घरों में रखा सामान और दुकानों का व्यावसायिक सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
सुबह पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम
घटना की जानकारी सुबह मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह पुलिस और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मलबे में तब्दील हुए मकानों को देखा। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी भी ली।
तीनों बुलडोजर सीज, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में प्रशासन ने घटना में इस्तेमाल की गई तीनों जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और पुलिस की विशेष टीमें दबिश दे रही हैं।
सदर कोतवाल समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित
11 मकानों को रात में ढहाए जाने की घटना में स्थानीय पुलिस की भूमिका और लापरवाही पर भी सवाल उठे हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए अकबरपुर के सदर कोतवाल समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
इन पुलिसकर्मियों पर कर्तव्य में लापरवाही और समय रहते मामले का संज्ञान नहीं लेने के आरोप हैं।
वहीं, क्षेत्राधिकारी नीतीश तिवारी को भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
मंत्री ओपी राजभर ने किया मौके का निरीक्षण
घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी बरियावन पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बेघर हुए परिवारों से मुलाकात की।
मंत्री ने पीड़ित परिवारों को राहत का भरोसा देते हुए बिना ब्याज के 5-5 लाख रुपये का लोन दिलाने का आश्वासन दिया। इस राशि का इस्तेमाल मकान और दुकान दोबारा बनाने के लिए किए जाने की बात कही गई।
उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रात में बुलडोजर कार्रवाई ने खड़े किए सवाल
अंबेडकरनगर में सामने आई इस घटना में सबसे बड़ा सवाल यह है कि रात के समय तीन जेसीबी मशीनों के साथ बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और 11 मकान व दुकानें ढहा दी गईं, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसे समय रहते क्यों नहीं रोका जा सका।
फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है।
अंबेडकरनगर न्यूज, अंबेडकरनगर बुलडोजर कार्रवाई, यूपी क्राइम न्यूज, बुलडोजर एक्शन, JCB सीज, पुलिसकर्मी सस्पेंड, ओपी राजभर, उत्तर प्रदेश न्यूज, अकबरपुर, बरियावन
#AmbedkarNagar #AmbedkarNagarNews #BulldozerAction #UPNews #CrimeNews #PoliceAction #JCB #OPRajbhar #UttarPradesh #BreakingNews














Leave a Reply