Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

योगी गोरखपुर-सोनौली मार्ग से माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे

गोरखपुर, 09 अगस्त : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि 10 अगस्त को श्री योगी गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे। करीब दो किमी की लंबाई में इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये की लागत आई है। मुख्यमंत्री सोमवार दोपहर बाद इसे समारोहपूर्वक जनता को समर्पित करेंगे।
गोरखपुर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में जारी कार्यों की श्रृंखला में रोड कनेक्टिविटी की एक और परियोजना पूर्ण कर ली गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग- 24 (सोनौली नौतनवां गोरखपुर) से निकलकर यह सड़क ग्रीन सिटी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। इसका चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड- 2 ने कराया है। सड़क चौड़ी हो जाने से ग्रीन सिटी और इससे जुड़ी कॉलोनियों में आवागमन सुगम होने के साथ ही माधोपुर बंधा जाने के लिए भी एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिला है। सड़क के दोनों तरफ ड्रेन का निर्माण कराया गया है ताकि जलनिकासी की भी समुचित व्यवस्था रहे।
गोरखपुर को एक माह के भीतर रोड कनेक्टिविटी की तीसरी बार महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। 11 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से बने 11.6 किमी लंबी भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने 23 जुलाई को 429.49 करोड़ रुपये खर्च कर बनाए गए 2.6 किमी लंबे जिले के पहले सिक्सलेन फ्लाई ओवर और 278 करोड़ रुपये की लागत से बने पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक बनी फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *