Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

आईआरजीसी ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य के पास अमेरिका की एक उन्नत पनडुब्बी को पकड़ने का किया दावा

तेहरान, 11 सितंबर : ईरान के के सशस्त्र बल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी ) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी मानवरहित पनडुब्बी को पकड़ लिया है।
गौरतलब है कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस जलमार्ग पर नियंत्रण के प्रयासों के बीच ईरान और अमेरिका के बीच समुद्री स्तर पर लगातार एक-दूसरे के खिलाफ जवाबी कार्रवाई चल रही है।
ईरानी सरकारी मीडिया ने इस पोत की पहचान डाइव-एलडी के रूप में की है। यह कैलिफोर्निया स्थित रक्षा कंपनी एंड्यूरिल इंडस्ट्रीज द्वारा विकसित स्वायत्त पानी के नीचे चलने वाला वाहन है। करीब छह मीटर (20 फुट) लंबी इस पनडुब्बी को निगरानी, समुद्र तल का नक्शा तैयार करने और समुद्री बारूदी सुरंगों का पता लगाने सहित लंबे समय तक चलने वाले अभियानों के लिए बनाया गया है। हालांकि, अमेरिका ने कहा कि यह पोत दिन पहले खराब हो गया था।
यह दावा ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच समुद्री टकराव और बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार शाम कहा कि उसने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के जवाब में पांच ईरानी कच्चे तेल के टैंकरों को नष्ट कर दिया है। इसके बाद ईरान ने कहा कि उसने दो अमेरिकी पोतों और आठ तेल टैंकरों पर हमला किया है।
आईआरजीसी ने मंगलवार शाम जारी एक बयान में कहा कि उसकी नौसेना ने आतंकवादी अमेरिकी सेना की सबसे आधुनिक मानवरहित पनडुब्बियों में से एक को होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर पकड़ लिया ।”
बल ने इस कार्रवाई को आज तड़के किया गया जटिल खुफिया और अभियान संबंधी मास्टरमाइंड ऑपरेशन बताया, हालांकि उसने इसके बारे में कोई और जानकारी नहीं दी।
आईआरजीसी ने कहा, “इस स्मार्ट पनडुब्बी में दुनिया के पानी के भीतर चलने वाले क्षेत्र की नवीनतम तकनीक मौजूद है और इसे 2025 में अमेरिकी आतंकवादी सेना के बेड़े को सौंपा गया था।”
अमेरिका की ओर से कथित रूप से पनडुब्बी पकड़े जाने के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, एंड्यूरिल ने पुष्टि की कि उसका एक पोत वास्तव में खो गया है। कंपनी ने इस घटना के महत्व को कम करके बताया और कथित तौर पर उसके पकड़े जाने की सीधे तौर पर पुष्टि नहीं की।
कंपनी के एक प्रवक्ता ने बुधवार को कहा, “डाइव-एलडी एक ऐसी स्वायत्त प्रणाली है जिसे नुकसान की स्थिति में भी इस्तेमाल करने के लिए बनाया गया है। इसका मतलब है कि इसे शुरू से ही ऐसे खतरनाक वातावरण में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है, जहां वाहन के खो जाने की संभावना को सामान्य माना जाता है।”
एंड्यूरिल ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि डाइव-एलडी में “ओपन सॉफ्टवेयर, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंटरफेस हैं, जो कई तरह के पेलोड और सेंसर को समय में आसानी से जोड़ने और तेजी से कॉन्फिगर करने की सुविधा देते हैं।”
कंपनी के अनुसार, यह प्रणाली समुद्री बारूदी सुरंगों से निपटने, अभियान क्षेत्र की खुफिया तैयारी, खुफिया जानकारी, निगरानी और टोह लेने तथा सटीक तरीके से उपकरण तैनात करने जैसे अभियानों के लिए महीनों या वर्षों के बजाय कुछ ही हफ्तों में प्रासंगिक, प्रभावी और किफायती क्षमताउपलब्ध करा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *