Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

पुलिस ने किया लूट का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

गाजियाबाद, 25 अगस्त। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र में 21 अगस्त को हुई 24 लाख 85 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने मंगलवार को पुलिस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार देर रात स्वाट टीम, गाजियाबाद अपराध शाखा, नगर जोन स्वाट टीम और वेव सिटी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को अलीबाग कॉलोनी, मेरठ निवासी गिलमान पुत्र नईमुद्दीन से स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 24 लाख 85 हजार रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में वेव सिटी थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

Screenshot

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटी गई रकम में से पांच लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी घायल हुए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

Screenshot

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर लूट की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और लूटी गई शेष रकम के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *