Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

देवरिया में कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर भाजपाइयों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

देवरिया, 21 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को देवरिया स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने कहा कि कल्याण सिंह का पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा। प्रदेश के विकास, सुशासन और संगठन को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका ऐतिहासिक रही, जिसे देश लंबे समय तक याद रखेगा। उन्होंने जीवनभर भाजपा की विचारधारा के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी।

अरविंद पांडेय ने कहा कि कल्याण सिंह का सरल व्यक्तित्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और संगठन के प्रति समर्पण आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय, जिला मंत्री गोविंद चौरसिया, रंजना देवी भारती, मार्कंडेय गिरि, बैतालपुर मंडल अध्यक्ष राजेश निषाद, अजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, विजय पंडित, राहुल कुमार, सुधीर मद्धेशिया और शैलेंद्र सिंह आजाद समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने कल्याण सिंह के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *