
हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के ईंट-पत्थरों से हमला, पुलिस ने जांच शुरू की; हमलावरों की तलाश में कई टीमें गठित
वाराणसी, 8 अगस्त: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात में दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में साड़ी कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू की मौत हो गई, जबकि गणेशू और अशोक पासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके की है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
काशी जोन के अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दुकान के बाहर रवि चौहान का लहूलुहान शव पड़ा है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी भारी पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की जा रही हैं। संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किए जाने पर उन्होंने ईंट-पत्थर फेंके और मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि दोनों घायल पास की एक दुकान में सो रहे थे और इसी दौरान वे भी हमले की चपेट में आ गए।
पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।













Leave a Reply