रायबरेली,8 सितंबर 2026 । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार से अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे रायबरेली पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए शिवगढ़, महराजगंज, अमावां और रायबरेली शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज तिवारी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी का स्वागत सब्जी मंडी गुमावां बॉर्डर, ब्लॉक शिवगढ़, यूको बैंक शाखा हलोर, ब्लॉक महराजगंज, महराजगंज तिराहा पुलिस चौकी, हरदासपुर चौराहा ब्लॉक अमावां तथा सारस होटल के निकट गोल चौराहा पर किया जाएगा।
रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी प्रभु टाउन में सर्राफा व्यवसायी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सांसद आवास भुएमऊ में बार एसोसिएशन, चिकित्सक एवं केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ ही खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है। मंगलवार रात वह भुएमऊ स्थित सांसद आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन बुधवार को सुबह नौ बजे से 10:30 बजे तक राहुल गांधी आमजन और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 10:35 बजे विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11:30 बजे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रत्याशियों, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्षों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्यों, जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों तथा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों में सहयोग करने की अपील की है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं।
राहुल गांधी आज से दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर, कई स्थानों पर होगा स्वागत














Leave a Reply