वाराणसी, 14 अगस्त काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में 11 वर्षीय बालक पर कुत्ते के हमले की घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण एवं पीड़ादायक है तथा परिसरवासियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसंपर्क कार्यालय द्वारा शुक्रवार को बताया गया कि परिसर में कुत्ते के काटने से एक बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद बच्चे को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया।
साथ ही मुख्य आरक्षाधिकारी कार्यालय द्वारा घटना की जांच की जा रही है। इसके साथ ही संपदा कार्यालय के समन्वय से परिसर में आवारा एवं पालतू जानवरों के प्रबंधन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
विश्वविद्यालय ने कहा कि परिसर में निवास करने वाले सभी लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बीएचयू प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परिसर में पशुओं के नियमानुसार प्रबंधन, पंजीकरण एवं टीकाकरण आदि के लिए पूर्व में ही नीति अधिसूचित की जा चुकी है, जिसके अनुपालन को सुनिश्चित किया जा रहा है।