बागपत/बड़ौत: बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के झुंडपुर गांव में प्रेम विवाह कर करीब चार महीने बाद गांव लौटे युवक-युवती को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर बुधवार को गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों को गांव से बाहर रहने की बात कही गई।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती ने करीब चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों गांव से बाहर रह रहे थे। बुधवार को जब दोनों वापस गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनके गांव में रहने को लेकर आपत्ति जताई।
मामले को लेकर ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनी गई और इसके बाद दंपती को गांव से बाहर रहने का फैसला सुनाया गया। पंचायत के बाद युवक अपनी पत्नी के साथ गांव से चला गया।
वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। अपर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि प्रेम विवाह करना किसी अपराध की श्रेणी में नहीं आता। उन्होंने कहा कि मामले में कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और पंचायत के फैसले से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।