जालौन, 21 अगस्त। उत्तर प्रदेश के जालौन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार सुबह जिला महिला एवं पुरुष अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महिला अस्पताल में कई चिकित्सक अनुपस्थित मिले, जिस पर डीएम ने संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए और सीएमओ व सीएमएस से स्पष्टीकरण तलब किया।
महिला अस्पताल में कई डॉक्टर अनुपस्थित
जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण कक्ष, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, आयुष्मान वार्ड और जच्चा-बच्चा वार्ड समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अजय खरे, स्त्री रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. सुनीता बनोधा, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजीव प्रभाकर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियम यादव तथा डॉ. अंशिका जायसवाल अनुपस्थित मिलीं।
इस पर जिलाधिकारी ने सीएमएस महिला अस्पताल को संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अस्पताल की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण में शिथिलता पाए जाने पर सीएमओ और सीएमएस महिला अस्पताल से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
पुरुष अस्पताल में सभी डॉक्टर मिले उपस्थित
इसके बाद डीएम ने जिला पुरुष अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां सभी चिकित्सक उपस्थित मिले। उन्होंने सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और इंजेक्शन कक्ष का निरीक्षण किया तथा मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
मरीज सत्येंद्र कुमार ने एक्स-रे नहीं होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी तत्काल एक्स-रे कक्ष पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सक ने बताया कि मरीज का एक्स-रे हो चुका है और रिपोर्ट तैयार है।
अल्ट्रासाउंड कक्ष में डॉ. सौरभ कुमार मरीजों की जांच करते मिले। जिलाधिकारी ने मरीजों से अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और बाहर से दवा लिखे जाने के संबंध में भी जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि आवश्यक दवाएं उन्हें अस्पताल से ही मिल रही हैं।
मरीजों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तत्परता तथा संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।














Leave a Reply