खेकड़ा, 23 अगस्त 2026 (रविवार) । खेकड़ा और लोनी क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को एक बार फिर सामने आ गया। समझौते के लिए खेकड़ा कोतवाली पहुंचे किन्नरों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद विवाद थाने से बाहर सड़क तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों को विवाद का समाधान कराने के लिए थाना समाधान दिवस में बुलाया गया था। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते का प्रयास चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि थाने से बाहर निकलने के बाद पाठशाला रोड पर नाले के पास दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। यहां मारपीट के साथ एक पक्ष की गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी रोहन चौरसिया के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Live Hindustan)
पहले से चल रहा है विवाद
खेकड़ा और लोनी क्षेत्र के किन्नरों के बीच बधाई मांगने के क्षेत्राधिकार को लेकर पहले से विवाद की स्थिति बनी हुई है। जुलाई में भी दोनों पक्षों की ओर से क्षेत्राधिकार को लेकर आरोप-प्रत्यारोप और पुलिस से शिकायत किए जाने की खबर सामने आई थी।















Leave a Reply