बागपत। मवीकलां गांव निवासी विशाल के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस की जांच में नया मोड़ आया है। अपहरण के आरोप में गिरफ्तार अमित ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विशाल की बिजवाड़ा गांव के जंगल में गन्ने के खेत में ईंट से सिर कुचलकर हत्या की थी। हालांकि, पुलिस जिस शव का 23 जून को लावारिस में अंतिम संस्कार करा चुकी है, उसकी पहचान अभी तक विशाल के रूप में निश्चित नहीं हो पाई है।

मवीकलां निवासी दीपक कुमार के अनुसार, उसका सबसे छोटा भाई विशाल 20 जून को अमित के साथ घर से गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की और अमित से भी विशाल के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया।

इसके तीन दिन बाद 23 जून को बिजवाड़ा गांव के गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिला था। युवक के सिर पर ईंट से वार कर हत्या की गई थी। उसके हाथ पर ‘V’ लिखा हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव का लावारिस में अंतिम संस्कार करा दिया।

बाद में पुलिस की जांच में विशाल के अपहरण की पुष्टि हुई। अमित को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विशाल की हत्या करने की बात बताई। घटना में शामिल बताया गया अमित का भाई नीटू चोरी के मामले में जेल चला गया।

अब पुलिस शव की पहचान को लेकर परिजनों का DNA टेस्ट कराएगी। इसके लिए पुलिस ने विधिक राय भी ली है। DNA जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बिजवाड़ा के खेत से मिला शव विशाल का था या नहीं।

फिलहाल पुलिस अपहरण और हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News