September 25, 2026

देवबंद (सहारनपुर), 11 अगस्त : सहारनपुर के दारुल उलूम देवबंद परिसर में जलाभिषेक करने की घोषणा करने वाले उत्तराखंड हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा मंगलवार को देवबंद नहीं पहुंचे। पुलिस के अनुसार ललित शर्मा ने बागपत के बालैनी स्थित प्रसिद्ध पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। उनकी घोषणा के मद्देनजर देवबंद में पुलिस और प्रशासन सतर्क रहा। 
देवबंद के पुलिस उपाधीक्षक अमित सिंह और प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते ललित शर्मा दारुल उलूम की ओर नहीं आए। दारुल उलूम परिसर की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ललित शर्मा ने बाद में अपने पूर्व कार्यक्रम के संबंध में कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर दारुल उलूम परिसर में कथित रूप से जमीन के नीचे दबे शिव मंदिर की जांच कराने की मांग की थी। उनका कहना है कि जब तक इस संबंध में जांच पूरी नहीं हो जाती और मंदिर के अस्तित्व के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक वह दारुल उलूम में जलाभिषेक नहीं करेंगे। 
ललित शर्मा ने कहा कि वह जलाभिषेक के लिए लाए गए जल को सुरक्षित रखे हुए हैं और जांच में मंदिर होने की बात सामने आने के बाद ही वहां जल चढ़ाएंगे। पुलिस के अनुसार देवबंद में ललित शर्मा के कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और क्षेत्र में शांति बनी रही। पुलिस-प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। 
स्थानीय लोगों ने भी मामले से दूरी बनाए रखी और देवबंद में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News