Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

हनुमान अंश’ छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सपरिवार देखी फिल्म

रायपुर, 11 सितंबर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल के सिनेमाघर में गुरुवार को राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सपरिवार फिल्म देखी। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा विभिन्न निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने इसे छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए। इस निर्णय से विशेषकर युवाओं को देश की समृद्ध संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।
श्री साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन मानव सेवा, प्रेम और भक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।
उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का भी प्रभावी माध्यम है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *