मुंबई, 11 सितंबर : बालाजी मोशन पिक्चर्स की आगामी फिल्म ‘द वन’ के दूसरे गाने ‘छठी मैया’ का टीज़र जारी कर दिया गया है। रहस्य, आस्था और आध्यात्मिकता से भरपूर इस टीज़र में तमन्ना भाटिया केंद्र में नजर आ रही हैं। गाने में वन देवी की शक्ति और छठ पूजा की सदियों पुरानी परंपरा का प्रभावशाली मेल देखने को मिलता है।
फिल्म के मेकर्स ने इससे पहले ‘समझो ना’ गाने के जरिए सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की रोमांटिक केमिस्ट्री की झलक दिखाई थी। अब ‘छठी मैया’ के जरिए फिल्म की आध्यात्मिक और लोककथाओं से जुड़ी दुनिया को सामने लाया गया है। जंगल के रहस्य और लोककथाओं से बुनी इस दुनिया में छठ पूजा की आस्था को फैंटेसी के साथ जोड़ा गया है।
गाने को विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज देने के साथ संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। इसकी कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है। गाने में तमन्ना भाटिया के साथ श्वेता तिवारी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। ज़ी म्यूज़िक के म्यूज़िक लेबल के तहत रिलीज होने वाला यह गीत ‘द वन’ की रहस्यमयी, रोमांचक, रोमांटिक और फैंटेसी से भरी दुनिया में आध्यात्मिक रंग जोड़ता है।
टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर के सहयोग से बनी ‘द वन’ भारतीय लोककथाओं को नए सिनेमाई अंदाज में पेश करती है। फिल्म में फैंटेसी के साथ एडवेंचर, मिस्ट्री और ह्यूमर का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म की दुनिया को ‘द लीजेंड ऑफ वन’ कॉमिक बुक के माध्यम से भी दर्शकों के सामने पेश किया जा चुका है।
बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड का एक डिवीजन, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण कर रहा है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। अरुणाभ कुमार ने फिल्म की कहानी लिखी है और दीपक मिश्रा इसके निर्देशक हैं। मनु आनंद डीओपी एवं विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म के निर्माता शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी हैं।
‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में फैंटेसी और भारतीय लोककथाओं से सजी एक ऐसी दुनिया पेश की जाएगी, जिसमें रहस्य, रोमांस, संगीत और भव्य दृश्य दर्शकों को मनोरंजन का अलग अनुभव देने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *