बुलंदशहर | 10 सितंबर 2026
बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पहले उनका कार्यक्रम 12 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अब लखनऊ से कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी सामने आई है। नए कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव 11 सितंबर को बुलंदशहर पहुंच सकते हैं।
11 सितंबर को कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रेस कॉन्फ्रेंस
नए कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव का कोतवाली नगर क्षेत्र के डीएम रोड स्थित ग्रीन इंडिया होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित है। सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली के मुताबिक अखिलेश यादव प्रेस को संबोधित करने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
हालांकि, 11 सितंबर के नए कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अनुमति की स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। यही वजह है कि कार्यक्रम को लेकर सियासी चर्चा बढ़ गई है।
पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं
अखिलेश यादव के दौरे से जुड़ा दूसरा बड़ा मुद्दा उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर सामने आया है। प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं दी गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि तकनीकी जांच के दौरान पुलिस लाइन का मैदान वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से मैदान में पानी भरे होने की बात भी सामने आई है।
अखिलेश यादव ने X पर उठाए सवाल
हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बुलंदशहर आने से रोकने के लिए अलग-अलग बहाने तलाशे जा रहे हैं और हेलीपैड की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए।
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से जुड़ा निर्णय सुरक्षा और तकनीकी मानकों के आधार पर लिया गया है।
अब क्या होगा?
अखिलेश यादव के 11 सितंबर के प्रस्तावित बुलंदशहर दौरे को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल कार्यक्रम की अनुमति और हेलीकॉप्टर की लैंडिंग व्यवस्था को लेकर है। प्रशासन और सपा के बीच इस मुद्दे पर सामने आए अलग-अलग दावों के कारण बुलंदशहर की सियासत गर्म हो गई है।
अब नजर इस बात पर है कि अखिलेश यादव 11 सितंबर को बुलंदशहर पहुंचते हैं या कार्यक्रम में एक बार फिर बदलाव होता है।
#Bulandshahr #AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #UttarPradesh #UPPolitics #BulandshahrNews #PoliticalNews














Leave a Reply