7 सितंबर 2026 | बागपत
बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से बदायूं जा रहा एक वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा 6/7 सितंबर की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे हुआ। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही 4 पीआरवी, एंबुलेंस सेवा, थाना खेकड़ा पुलिस और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ रेंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली।
अधिकारियों ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया। मामले में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














Leave a Reply