Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बागपत में महिला हत्याकांड का खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार; स्कूटी से शव ले जाकर जलाने का आरोप

बागपत | 7 सितंबर 2026

बागपत कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने करीब तीन सप्ताह पहले काठा गांव के पास मिले अज्ञात महिला के जले हुए शव के मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई है।

13 अगस्त को मिला था महिला का जला हुआ शव

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को ग्राम काठा में हाईवे किनारे कब्रिस्तान की दीवार के पास एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिला था। मामले में थाना कोतवाली बागपत में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।

लगातार जांच के दौरान पुलिस ने करीब 500 से 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे सहित लोनी-काठा क्षेत्र में वाहनों की जांच की गई।

संदिग्ध स्कूटी से खुली हत्या की कड़ी

पुलिस को जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। स्कूटी पर एक महिला और एक पुरुष दिखाई दिए। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि संदिग्ध लोग दिल्ली के शास्त्री पार्क क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी अमन सागर अपनी पत्नी और एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ संपर्क में था। पुलिस का आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद अमन ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी।

इसके बाद शव को बोरे में बंद कर स्कूटी पर रखा गया। आरोप है कि दोनों शव को काठा में हाईवे किनारे ले गए और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी किराये का मकान खाली कर फरार हो गए।

नाबालिग की गुमशुदगी से जुड़ा मामला भी सामने आया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतका के पिता ने 17 अप्रैल 2026 को थाना हाईवे, मथुरा में अपनी बेटी के लापता होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मामलों के बीच संबंध स्थापित किया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मथुरा निवासी नाबालिग के रूप में हुई है।

लोनी-बागपत बॉर्डर से गिरफ्तारी

कोतवाली बागपत पुलिस और स्वाट टीम ने 7 सितंबर को आरोपी अमन सागर और उसकी पत्नी को लोनी-बागपत बॉर्डर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी नंबर UP85DA9802 भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, अमन सागर की उम्र करीब 30 वर्ष है और वह मूल रूप से औरंगाबाद, मथुरा का रहने वाला है। उसकी पत्नी की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली बागपत और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार

पुलिस के अनुसार, घटना का सफल अनावरण करने वाली टीम को अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, मेरठ की ओर से 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।

https://baghpatwire.com/बागपत-में-महिला-का-जला-हुआ/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *