सुलतानपुर, 26 अगस्त। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के मधुपुरी गांव में मंगलवार सुबह समरसेबल हैंडपंप में करंट उतरने से एक किसान की मौत हो गई। पति को बचाने पहुंची पत्नी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मधुपुरी गांव निवासी उदय भान तिवारी (60) मंगलवार सुबह स्नान करने के बाद घर में लगे समरसेबल हैंडपंप से पानी भर रहे थे। इसी दौरान नल छूते ही वह करंट की चपेट में आ गए और जमीन पर गिर पड़े।
बताया गया कि समरसेबल में विद्युत प्रवाह होने के कारण हैंडपंप के नल में भी करंट उतर आया था। उदय भान को जमीन पर गिरा देखकर उनकी पत्नी मंजू तिवारी उन्हें उठाने के लिए पहुंचीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं।
परिजनों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उदय भान तिवारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का उपचार किया गया।
सावधानी: समरसेबल पंप या बिजली से जुड़े उपकरणों के आसपास पानी होने पर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। करंट उतरने की आशंका होने पर सीधे व्यक्ति को छूने के बजाय पहले बिजली की आपूर्ति बंद करनी चाहिए।














Leave a Reply