कोलकाता, 25 अगस्त। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 12 किलोमीटर लंबे बारानगर-बैरकपुर मेट्रो कॉरिडोर के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) को कोलकाता नगर निगम (KMC) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने का स्वागत किया है।
‘पिंक लाइन’ के नाम से जाना जाने वाला यह मेट्रो कॉरिडोर बीटी रोड के किनारे बनाया जाएगा। अधिकारी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि एनओसी मिलने से कोलकाता के उत्तरी उपनगरों में तेज सार्वजनिक परिवहन के विस्तार का रास्ता साफ होगा।
उन्होंने इसे परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे यात्रा के समय में कमी आएगी, प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव घटेगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
अधिकारी के अनुसार, परियोजना में शहर की पेयजल आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए विशेष पानी की पाइपलाइन बिछाने की व्यवस्था भी शामिल है। इससे मेट्रो निर्माण के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने के साथ-साथ नागरिकों की पेयजल जरूरतों को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि 12 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में हुई प्रगति प्रशासनिक स्तर पर किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने परिवहन ढांचे के विस्तार के साथ आवश्यक नागरिक अवसंरचना को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
अधिकारी ने कहा कि नागरिक निकायों तथा राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से जनहित की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और उनमें आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।














Leave a Reply