बागपत। जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में चकबंदी प्रक्रिया के अंतर्गत ग्राम बामनौली, बरनावा, निरपुड़ा और सूरजपुर महनवां में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में चकबंदी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएम ने वर्ष 1981 से लंबित ग्राम बामनौली की चकबंदी प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ग्राम बामनौली की प्रक्रिया 26 जुलाई 2025 तक और ग्राम बरनावा की चकबंदी प्रक्रिया 18 जुलाई 2025 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
सूरजपुर महनवां में धारा-9 का प्रकाशन पूरा
बैठक में एडीएम पंकज वर्मा ने जानकारी दी कि ग्राम सूरजपुर महनवां में धारा-9 का प्रकाशन पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने चकबंदी प्रक्रिया से जुड़े अन्य कार्यों की प्रगति से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया।
निरपुड़ा में सर्वे और पड़ताल का कार्य जारी
ग्राम निरपुड़ा में जन-विरोध के कारण चकबंदी प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। वर्तमान में गांव में सर्वे और पड़ताल का कार्य कराया जा रहा है।
डीएम अस्मिता लाल ने निर्देश दिए कि निरपुड़ा में जल्द से जल्द धारा-8 का प्रकाशन कराया जाए। इसके बाद मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी करते हुए धारा-9 का कार्य भी निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चकबंदी से संबंधित सभी कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।