Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

रटौल में युवक ने तमंचा सटाकर मारी गोली, अस्पताल में मौत; Instagram स्टेटस से पहले दिए थे संकेत

रटौल | रटौल कस्बे के प्रेमपुरी मोहल्ले में गुरुवार शाम एक 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक द्वारा Instagram पर डाला गया स्टेटस चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमपुरी निवासी आढ़ती इसरत चौधरी के बेटे सामरान (24) ने गुरुवार दोपहर Instagram पर एक वीडियो स्टेटस लगाया। इसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी थी। कई लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और मजाक समझ लिया।

करीब एक घंटे बाद शाम लगभग छह बजे घर में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो सामरान घायल अवस्था में मिला। उसके गले में गोली लगी थी। परिजन उसे तत्काल दिल्ली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, सामरान पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा था और Instagram पर मायूसी भरे वीडियो भी पोस्ट करता था। परिवार ने उससे परेशानी का कारण जानने की कोशिश की थी, लेकिन उसने सबकुछ ठीक होने की बात कही थी।

बताया गया कि घटना से पहले उसने संत मेरी इंटर कॉलेज के मैदान में वीडियो भी बनाई थी, जिसे बाद में Instagram स्टेटस पर लगाया गया।

सामरान आठ भाई-बहनों में चौथे नंबर का था और कार चालक के रूप में काम करता था। उसके पिता इसरत चौधरी रटौल मंडी में आढ़त का काम करते हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक के पास तमंचा कहां से आया और उसने यह कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *