बड़ौत क्षेत्र में शिवरात्रि पर बेटियों ने दिखाया आस्था और संकल्प का जज्बा, डाक कांवड़ व कलश कांवड़ यात्रा में लिया हिस्सा
बड़ौत। शिवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ौत क्षेत्र में बेटियों ने भी कांवड़ यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटीं बेटियों ने पुरुष कांवड़ियों के साथ कदमताल करते हुए अपनी यात्रा पूरी की और शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उनकी इस भक्ति और उत्साह को देखकर रास्ते में लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर हौसला बढ़ाया।
दोघट निवासी लोकेश की पुत्री वंशिका हरिद्वार से 51 लीटर गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के साथ पहुंचीं। यात्रा पूरी करने के बाद वंशिका ने शिवरात्रि के दिन मंदिर में गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान समाजसेवी माठू पहलवान, रामपाल, धर्मपाल, बिल्लू सहित अन्य लोगों ने वंशिका का स्वागत किया और उसकी धार्मिक यात्रा की सराहना की।
इसी तरह बड़ौत की रेनू, पूनम और ज्योति भी हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर बड़ौत पहुंचीं। तीनों ने अपनी यात्रा पूरी करने के बाद शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक किया।
कांवड़ यात्रा के दौरान बेटियों को आस्था और उत्साह के साथ आगे बढ़ते देख मार्ग में मौजूद लोगों ने उनका अभिनंदन किया। जगह-जगह फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया। बेटियों की इस भागीदारी ने कांवड़ यात्रा में एक अलग संदेश भी दिया कि भक्ति, आस्था और संकल्प के रास्ते पर बेटियां भी पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही हैं।
शिवरात्रि के मौके पर बेटियों द्वारा गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने की तस्वीरें और दृश्य क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे।














Leave a Reply