Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बागपत: फ्लिपकार्ट के 77 लाख के सामान का गबन, महंगे मोबाइल निकाल पैकेट में रखते थे सस्ता सामान

बागपत, 14 सितंबर। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में फ्लिपकार्ट के डिलीवरी गोदाम से करीब 77 लाख रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल फोन और अन्य महंगे सामान के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि गोदाम के मैनेजर और उसके साथी खुद महंगे सामान के ऑनलाइन ऑर्डर करते थे और डिलीवरी के बाद पैकेट खोलकर कीमती सामान निकाल लेते थे। इसके बाद पैकेट में सस्ता सामान रखकर उसे कंपनी को वापस भेज दिया जाता था।

मामले का खुलासा कंपनी के ऑडिट के दौरान हुआ। इसके बाद कंपनी की ओर से मामले की जांच शुरू कराई गई और पुलिस से शिकायत की गई है।

खुद ऑर्डर करते और पैकेट बदल देते थे

इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर रामभवन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड को लॉजिस्टिक सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी के बागपत जिले में बड़ौत, बागपत और खेकड़ा में डिलीवरी गोदाम हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से कंपनी के ऑनलाइन ऑर्डर बड़ी संख्या में कैंसिल होकर वापस आ रहे थे। वापस आने वाले कई पैकेटों की जांच में उनमें छेड़छाड़ मिली।

जांच में सामने आया कि कुछ मामलों में एप्पल समेत अन्य कंपनियों के महंगे मोबाइल फोन और दूसरे कीमती सामान पैकेट से निकाल लिए जाते थे। उनकी जगह डिब्बों में सस्ता सामान रखकर पैकेट को दोबारा पैक कर कंपनी को वापस भेज दिया जाता था।

ऑडिट में सामने आया 77 लाख से अधिक का नुकसान

कंपनी की ओर से कराए गए ऑडिट में सामान की हेराफेरी का मामला सामने आया। प्रारंभिक जांच में गबन किए गए मोबाइल फोन और अन्य सामान की कीमत 77 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

कंपनी के मैनेजर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, गबन किए गए सामान और पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *